पिछले तीन दिनों के भीतर जंगली सूअर ने तीन लोगों को घायल कर दिया
बाल्मीकि नगर से नन्दलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) से सटे संतपुर गांव में जंगली सूअर के लगातार हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पिछले तीन दिनों के भीतर जंगली सूअर ने तीन लोगों को घायल कर दिया, जिससे लोग खेतों और गांव के बाहर निकलने से भी डरने लगे हैं। समाजसेवी एवं किसान नेता केदारनाथ काजी ने बताया कि रविवार को जंगली सूअर संतपुर गांव के बीच स्थित तिलकधारी के घर में घुस गया था। ग्रामीणों ने शोर-शराबा कर किसी तरह उसे गांव से बाहर खदेड़ा। इसके बाद सोमवार को उसी जंगली सूअर ने गांव निवासी बालकिशुन की पत्नी पर हमला कर उसे घायल कर दिया। वहीं मंगलवार को पूर्व ईडीसी सदस्य राजेश काजी पर गांव के समीप पीछे से अचानक हमला कर दिया।

सूअर ने अपने नुकीले दांत राजेश की कमर में गड़ा दिए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुए हमले से राजेश जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनके सिर में भी चोट लग गई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल हरनाटांड़ अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। लगातार हो रहे हमलों से संतपुर और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली सूअर को पकड़ने अथवा उसे जंगल की ओर खदेड़ने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके। वन प्रमंडल 2 के रेंजर सत्यम कुमार ने बताया की इसकी सूचना वन कार्यालय को अभी तक नहीं मिली है, बहरहाल वन कर्मियों की एक टीम को तत्काल गांव मे भेजा जा रहा है ।






