विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। पुलिस अधीक्षक बगहा द्वारा मंगलवार को रामनगर थाना का औचक निरीक्षण किया गया, जिससे थाना परिसर में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना में लंबित कांडों की गहन समीक्षा करते हुए पुराने मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संचिकाओं के समुचित रख-रखाव, अनुसंधान कार्य में तेजी लाने तथा निष्पादन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। एसपी ने स्पष्ट रूप से कहा कि थाना का वातावरण व्यवस्थित एवं स्वच्छ होना चाहिए, जिससे आम जनता को बेहतर अनुभव मिल सके।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने थाना स्तर पर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल देते हुए कहा कि आमजनों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सम्मानजनक व्यवहार प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने का निर्देश दिया। एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध पुलिस की छवि धूमिल करने वाली शिकायत प्राप्त होती है, तो उसे गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस औचक निरीक्षण से स्पष्ट है कि पुलिस प्रशासन क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।






