विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया पुलिस अधीक्षक, पश्चिम चंपारण, बेतिया द्वारा मुफ्फसिल एवं मनुआपुल थाना क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने बाजार क्षेत्र सहित प्रमुख चौक-चौराहों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और पुलिस की सक्रियता की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय दुकानदारों एवं आम नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं की जानकारी प्राप्त की।

नागरिकों ने यातायात जाम, अतिक्रमण और पार्किंग व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया, जिस पर एसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाना प्राथमिकता है। उन्होंने थानाध्यक्ष मुफ्फसिल एवं मनुआपुल को नियमित गश्ती, अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में दोनों थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।






