विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा पुलिस द्वारा “ऑपरेशन नया सवेरा-3.0” के तहत जन-जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। दिनांक 18 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक संचालित इस विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक, बगहा के नेतृत्व में रामनगर थाना क्षेत्र स्थित राजकीय पार्वती कन्या मध्य विद्यालय में मानव व्यापार निरोधक इकाई (AHTU) द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान के माध्यम से छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को मानव तस्करी, बाल श्रम तथा बंधुआ मजदूरी जैसे गंभीर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में इन अपराधों के खतरों, इनके पहचान के तरीकों तथा इससे बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

बगहा पुलिस द्वारा विभिन्न संस्थानों एवं स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से इस अभियान को व्यापक रूप दिया जा रहा है। जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए छात्रों को बताया जा रहा है कि यदि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल मानव व्यापार निरोध इकाई (AHTU), नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष, बगहा को दें। अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग को मानव तस्करी के विभिन्न स्वरूपों से अवगत कराते हुए उन्हें सतर्क एवं सजग बनाना है, ताकि समय रहते इन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) सहित मानव व्यापार निरोध इकाई (AHTU) की टीम भी मौजूद रही और उन्होंने उपस्थित लोगों को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाई।






