Sunday, July 19, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास DRUCC बैठक में बाल्मीकिनगर क्षेत्र की रेल समस्याओं पर उठा मुद्दा

DRUCC बैठक में बाल्मीकिनगर क्षेत्र की रेल समस्याओं पर उठा मुद्दा

0
14

नई ट्रेनों, ठहराव व बुनियादी सुविधाओं की मांग; डीआरएम के समक्ष रखी गई प्रमुख समस्याएं

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

समस्तीपुर, समस्तीपुर रेल मंडल के मंथन सभागार में आयोजित रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (DRUCC) की बैठक में बाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के रेल यात्रियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।बैठक में DRUCC सदस्य राकेश सिंह ने मंडल रेल प्रबंधक रवि प्रकाश मिश्रा के समक्ष क्षेत्र की रेल व्यवस्था से संबंधित मुद्दों को विस्तारपूर्वक रखा। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक सन्नी सिन्हा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनन्या स्मृति सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।

राकेश सिंह ने बताया कि सांसद सुनील कुमार द्वारा पूर्व में उठाए गए रेल संबंधी मुद्दों की ओर भी डीआरएम का लिखित रूप से ध्यान आकर्षित कराया गया है, ताकि लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो सके। बैठक में बाल्मीकिनगर रोड–नरकटियागंज मार्ग से बेतिया के लिए सुबह नई पैसेंजर ट्रेन चलाने, गोरखपुर–सुगौली पैसेंजर सेवा शुरू करने तथा बगहा स्टेशन के पुनर्विकास कार्य में तेजी लाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके अलावा बगहा, रामनगर सहित सभी स्टेशनों पर शौचालय, पेयजल, यात्री शेड, बेंच एवं मोबाइल चार्जिंग जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

गोरखपुर–पटना के बीच रात में नमो भारत ट्रेन चलाने, राप्ती गंगा एक्सप्रेस (15001/15002) को सप्ताह में तीन दिन नरकटियागंज मार्ग से संचालित करने तथा कटरा एक्सप्रेस (15655/15656) का बगहा में ठहराव देने की भी मांग की गई। वहीं हरिनगर में गरीब रथ और भैरोगंज में अवध एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी रखी गई।नरकटियागंज जंक्शन पर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच चौड़े गैप को दूर करने, वाशिंग पिट निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा अवसानी हॉल्ट के प्लेटफॉर्म ऊंचीकरण सहित मूलभूत सुविधाओं को बहाल करने का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा।

इसके अतिरिक्त बगहा समपार संख्या-50 को वैकल्पिक व्यवस्था के बिना बंद नहीं करने, स्टेशन की पार्किंग व्यवस्था सुधारने, नई पानी टंकी निर्माण कराने तथा खरपोखरा स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग भी की गई। बैठक में यह अपेक्षा जताई गई कि सांसद द्वारा विभिन्न मंचों पर उठाए गए लंबित मुद्दों पर रेलवे प्रशासन गंभीरता से विचार कर शीघ्र कार्रवाई करेगा, जिससे पश्चिम चंपारण एवं बाल्मीकिनगर क्षेत्र के रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!