Sunday, July 19, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास 8 वर्ष बाद भी नल जल योजना बनी है शोभा की वस्तु।

8 वर्ष बाद भी नल जल योजना बनी है शोभा की वस्तु।

0
8


उदासीन सिस्टम के विरुद्ध ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन।


अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण।


बिहार के विकास पुरुष मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट नल जल योजना मझौलिया प्रखंड के मझरिया शेख पंचायत स्थित पुरुषोत्तमपुर वार्ड नंबर 11 तिवारी टोला में सिस्टम की उदासीनता के कारण पिछले 8 वर्षों से शोभा की वस्तु बना हुआ है। बताते चले की नल जल योजना के लिए बोरिंग तो लगा दिया गया लेकिन आज तक न तो टंकी का पता है और ना ही स्ट्रक्चर का।
ग्रामीणों का कहना है कि उन लोगों ने इस समस्या को लेकर जिला और प्रखंड स्तर के प्रशासनिक अधिकारियों के यहां दौड़ लगाई लेकिन दौड़ते दौड़ते चप्पल घिस गया परंतु समस्या का समाधान नहीं निकला। हम लोगों ने अपना दुखड़ा बड़े-बड़े जनप्रतिनिधियों को भी सुनाया लेकिन उन्होंने भी सुनकर सिर्फ आश्वासन दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि नल जल योजना के लाभ से हम लोग आज भी वंचित है तथा शुद्ध पेयजल पीने को उपलब्ध नहीं हो रहा है।
बड़े-बड़े जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने जब हमारी समस्या निराकरण के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठाया तब थक हार कर हम लोगों ने आपस में चंदा इकट्ठा किया और पाइप के सहारे लगभग 30 घरों में शुद्ध जल मुहैया कराया है। हम लोगों का प्रयास है कि आपस में और सहयोग करके पूरे घरों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध करा लिया जाए।


ग्रामीणों ने आक्रोषपूर्ण शब्दों में कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े विकास के दावे करने वाले वोट लेकर जीत जाते हैं लेकिन जनता को दूध में पड़े हुए मक्खी की तरह निकाल फेकते हैं और सारे वादे खोखले साबित हो जाते हैं।
विरोध प्रदर्शन करने वालों में अभय तिवारी विजय तिवारी नथुनी दास कैलाश पासवान जगदेव दास कृष्णा दास गौरी शंकर तिवारी बिंदेश्वरी तिवारी मनोज दास छोटू दास महेंद्र दास मनु दास लाल बाबू कुमार राजपति देवी नैना देवी बासमती देवी रूबी देवी आदि ने बताया कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा हम लोगों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। हमारे यहां समस्याओं का अंबार खड़ा है। कोई खोज खबर लेने वाला नहीं है, समाजसेवी
अभय तिवारी ने बताया कि उन्होंने अपनी निजी जमीन में नल जल योजना का बोरिंग लगाने की स्वीकृति दी थी ताकि वार्ड नंबर 11 के ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मिल सके। उन्होंने बताया कि पिछले चार माह पूर्व उससे संबंधित एग्रीमेंट हुआ है। लेकिन लगभग 150 घरों के निवासी आज भी बिहार के विकास पुरुष नीतीश कुमार के ड्रीम प्रोजेक्ट नल जल योजना के लाभ से वंचित है।
ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों से जल्द से जल्द नल जल योजना का लाभ उपलब्ध कराने की मांग की है।


उल्लेखनीय है कि मझरिया शेख पंचायत स्थित पुरुषोत्तमपुर वार्ड नंबर 11 तिवारी टोला में 8 वर्ष पूर्व नल जल योजना के लिए बोरिंग तो करा दिया गया लेकिन आज तक न स्ट्रक्चर बना और न टंकी ही बैठाया गया।
इस संदर्भ में प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ राजीव रंजन कुमार का कहना है कि इसकी जांच कराई जाएगी। संबंधित दोषी व्यक्ति के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा। ग्रामीणों की समस्या निराकरण के लिए बहुत जल्द आवश्यक कदम उठाया जाएगा।
बताते चले की पुरुषोत्तमपुर वार्ड नंबर 11 मझरिया शेख पंचायत और अहवर कुड़िया पंचायत के बॉर्डर पर स्थित है। दोनों तरफ के जनप्रतिनिधि एक दूसरे का अधिकार क्षेत्र बताते हैं और अपना दामन छुड़ाने का प्रयास करते हैं। जबकि नल जल योजना का बोरिंग पुरुषोत्तमपुर वार्ड 11 के वार्ड सदस्य मुबारक मियां द्वारा कराया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!