वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
नौरंगिया थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मठिया गांव से एक व्यक्ति को 40 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2018 की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष राज रौशन ने बताया कि 18 जुलाई को एएलटीएफ एवं नौरंगिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि मठिया गांव निवासी पुष्पराज चौधरी अपने घर में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है।

सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की। उन्होंने बताया कि पुलिस को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस बल की तत्परता से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान घर से प्लास्टिक की बोरी में रखे 80 पाउच देसी चुलाई शराब बरामद हुए। प्रत्येक पाउच में करीब 500 एमएल शराब थी, जिसकी कुल मात्रा लगभग 40 लीटर पाई गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि मौके पर ही बरामद शराब की गिनती, जब्ती सूची एवं अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर नौरंगिया थाना कांड संख्या 73/26 दर्ज किया गया।






