Monday, July 20, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास बेतिया के बैरिया में जमीन से बरामद हुआ विवाहिता का शव, इलाके...

बेतिया के बैरिया में जमीन से बरामद हुआ विवाहिता का शव, इलाके में सनसनी

0
24

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बेतिया/ बैरिया थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और संदिग्ध हत्या के मामले ने अब बड़ा मोड़ ले लिया है। पहले जहां विवाहिता के लापता होने और शव गायब किए जाने की आशंका जताई जा रही थी, वहीं अब पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जमीन से शव बरामद कर लिया है, जिससे पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, बगहा पुलिस जिला के चौतरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत रायवारी महुअवा गांव निवासी हरि खरवार ने अपनी बहन निर्मला देवी की हत्या का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया था। निर्मला की शादी मई 2023 में बैरिया थाना क्षेत्र के फतुछापर गांव निवासी हरिओम महतो के साथ हुई थी।शादी के कुछ ही महीनों बाद ससुराल पक्ष द्वारा बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर पति सहित अन्य ससुराल वाले—रामनाथ महतो, कामला देवी, सतीश महतो, किरण देवी, रोहित कुमार, सोनी देवी एवं संध्या देवी—लगातार मारपीट और मानसिक उत्पीड़न करते थे।

आखिरी कॉल बनी अहम सुराग

15 जुलाई को निर्मला देवी ने अपने भाई को फोन कर रोते हुए बताया था कि उसके साथ मारपीट की जा रही है और हत्या कर शव नदी में फेंक देने की धमकी दी जा रही है। इसके बाद अचानक उसका मोबाइल बंद हो गया। जब परिजन अगले दिन ससुराल पहुंचे, तो घर बंद मिला और सभी आरोपी फरार थे। खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला।

कबूलनामे ने बढ़ाया शक

परिजनों के अनुसार, 17 जुलाई को ससुर रामनाथ महतो ने कथित तौर पर यह स्वीकार किया कि हमलोगों ने तुम्हारी बहन की हत्या कर दी है, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया। इस बयान ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया।

VYN TIME खबर का असर: 24 घंटे में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मामले के प्रकाश में आने और मीडिया में प्रमुखता से उठने के बाद पुलिस महकमा हरकत में आया। बैरिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध स्थान की खुदाई कर विवाहिता का शव बरामद कर लिया। जिसे पोस्टमार्टम हेतु GMCH बेतिया भेज दिया।

पुलिस क्या कहती है?

थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर जांच शुरू की गई थी। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई थी, लेकिन अब शव बरामद होने के बाद मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

समाज के सामने फिर खड़ा सवाल

यह घटना एक बार फिर दहेज प्रथा की भयावह सच्चाई को उजागर करती है, जहां लालच में रिश्तों की हत्या तक हो रही है।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है किआरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।

इलाके में आक्रोश, न्याय की मांग तेज

घटना के बाद पूरे बैरिया क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!