वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के पिपरा कुटी मोड़ स्थित हाइड्रल पावर हाउस के सामने शनिवार को एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई, जिससे बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल वाल्मीकिनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश निवासी करीब 40 वर्षीय प्रदीप कुमार अपने रिश्तेदार के यहां भेरियारी गांव में आयोजित पूजा-पाठ में शामिल होने आए थे। पूजा कार्यक्रम के बाद वह अपने दोस्तों के साथ नेपाल के 36 नम्बर पर घूमने हेतु गए थे। वापस लौटने के दौरान जैसे ही उनकी बाइक पिपरा कुटी मोड़ स्थित हाइड्रल पावर हाउस के सामने पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई।

हादसे में प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल को संभाला और डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसआई विनय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस की सहायता से वाल्मीकिनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
एसआई विनय कुमार ने बताया कि तीन लोग दो अलग-अलग बाइक पर सवार होकर नेपाल से लौट रहे थे। इसी दौरान घटना घटी, पुलिस मामले की जांच कर रही है।






