वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
थाना क्षेत्र के गांव के समीप नहर किनारे मगरमच्छ दिखाई देने से आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। काफी देर तक मगरमच्छ नहर के किनारे घात लगाए बैठा रहा, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सुरक्षित दूरी से मगरमच्छ को देखते रहे। ग्रामीणों ने बताया कि जिस स्थान पर मगरमच्छ देखा गया, वहीं आसपास गांव के युवा अक्सर नहर में जलक्रीड़ा करते हैं। इसके अलावा ग्रामीण अपने मवेशियों को भी इसी क्षेत्र में चराने लाते हैं। ऐसे में मगरमच्छ की मौजूदगी से किसी अप्रिय घटना की आशंका बढ़ गई है।

6 आरडी के आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि संभवतः गंडक नदी से नहर में आए पानी के तेज बहाव के साथ मगरमच्छ बहकर यहां तक पहुंच गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में नहर के किनारे इस तरह लंबे समय तक मगरमच्छ का दिखाई देना बेहद दुर्लभ है। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू कर गंडक नदी में छोड़ने तथा क्षेत्र में लोगों को सतर्क करने की मांग की है। वहीं लोगों से भी अपील की जा रही है कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक नहर के किनारे जाने, जलक्रीड़ा करने और बच्चों को अकेले वहां भेजने से बचें।






