विजय कुमार शर्मा बगहा / अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया पश्चिम चंपारण के पुलिस अधीक्षक द्वारा मझौलिया थाना एवं मुफस्सिल थाना का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण एवं सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में अपराध पंजी, मालखाना, हाजत, सीसीटीवी व्यवस्था, आगंतुक पंजी, आगंतुक कक्ष, साफ-सफाई, वाहन व्यवस्था सहित अन्य प्रशासनिक बिंदुओं की बारीकी से जांच की गई।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थानाध्यक्षों को लंबित कांडों के त्वरित अनुसंधान एवं निष्पादन का निर्देश दिया। साथ ही वारंट एवं कुर्की के प्रभावी निष्पादन, फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, नियमित वाहन जांच अभियान चलाने तथा शराबबंदी कानून का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। उन्होंने अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देने के साथ आमजन के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने की सख्त हिदायत दी।

थाना निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने बेतिया नगर क्षेत्र का व्यापक परिभ्रमण कर विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। मौके पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को सतर्कता बरतने, नियमित गश्ती करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से कहा कि पश्चिम चंपारण पुलिस जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखना, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण एवं परिभ्रमण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।






