विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। पुलिस अधीक्षक बगहा राजेश कुमार की अध्यक्षता में पुलिस जिला बगहा के पुलिस सभागार में जून 2026 माह की जिला स्तरीय मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, परिचारी प्रवर पु० केन्द्र बगहा, पुलिस उपाधीक्षक साइबर, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बगहा व रामनगर के पुलिस निरीक्षक अंचल, थानाध्यक्ष एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे। अपराध गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को लंबित कांडों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके साथ ही गश्ती व्यवस्था की समीक्षा, वाहन जांच अभियान को सुदृढ़ करने, निरोधात्मक कार्रवाई बढ़ाने, पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष बल दिया गया। बैठक में अवैध बालू खनन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए लगातार छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही डायल-112 सेवा, CCTNS प्रणाली के प्रभावी संचालन एवं मद्यनिषेध अभियान के अंतर्गत निरंतर छापेमारी करने पर भी जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने जून माह में लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके अलावा वारंटों के निष्पादन, गश्ती व्यवस्था तथा बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई के आधार पर सभी थानों का मूल्यांकन किया गया। बैठक के अंत में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक एवं थानाध्यक्षों को क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।






