विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा: वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण को लेकर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री को पत्र सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने अपने पत्र में बगहा-2 प्रखंड के रामपुर से हरनाटांड़ तक जाने वाली पीडब्ल्यूडी सड़क तथा मधुबनी प्रखंड में पीडब्ल्यूडी मुख्य पथ से बॉसी तक जाने वाली सड़क को अत्यंत संकीर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और एम्बुलेंस के आवागमन में भी भारी परेशानी होती है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि बरसात के मौसम में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। ऐसे में दोनों सड़कों के दोनों ओर पक्के नाले के निर्माण की भी आवश्यकता है।

विधायक कुशवाहा ने जनहित को ध्यान में रखते हुए इन सड़कों के शीघ्र चौड़ीकरण एवं नाला निर्माण की स्वीकृति देने का आग्रह किया है, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात की सुविधा मिल सके। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी पत्राचार किया जा चुका है। साथ ही, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता द्वारा विधानसभा में दिए गए जवाब के अनुसार बॉसी–देवीपुर–रंगललही पथ के चौड़ीकरण का प्रस्ताव वार्षिक कार्य योजना 2025-26 के अंतर्गत मुख्यालय को भेजा गया है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






