Monday, July 6, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास SSB 21वीं वाहिनी, बगहा का 24वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

SSB 21वीं वाहिनी, बगहा का 24वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

0
2

कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत ने दिया सुरक्षित भविष्य और विकास का संदेश

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा। सशस्त्र सीमा बल (SSB) 21वीं वाहिनी, बगहा ने भारत-नेपाल सीमा पर अपनी सफल तैनाती के 24 वर्ष पूरे होने पर अपना 24वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया गया। समारोह की शुरुआत वाहिनी परिसर स्थित सर्वधर्म स्थल पर सामूहिक प्रार्थना के साथ हुई, जहां देश और क्षेत्र की सुरक्षा, शांति एवं समृद्धि की कामना की गई। इसके बाद आकर्षक परेड के माध्यम से कमांडेंट को भव्य गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

इस अवसर पर कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत ने सभी बल कार्मिकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वाहिनी का गौरवशाली इतिहास, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना हर व्यक्ति के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी कार्मिकों से निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ सीमा सुरक्षा के साथ-साथ दूरगामी विकास एवं सुरक्षित भविष्य के दायित्व का निर्वहन करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान वाहिनी के श्वान दस्ते ने रोमांचक प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में SSB के DIG हरि प्रकाश उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में संदीक्षा अध्यक्षा श्रीमती राखी कटारिया, MLC भीष्म शाहनी, 44वीं वाहिनी नरकटियागंज एवं 65वीं वाहिनी बेतिया के कमांडेंट सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद थे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में संदीक्षा सदस्यों एवं बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं बल कार्मिकों द्वारा थारू, बिहू सहित विभिन्न लोकनृत्यों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता का सुंदर प्रदर्शन किया गया।

इस मौके पर संदीक्षा अध्यक्षा श्रीमती राखी कटारिया ने स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ‘संदीक्षा मिलेट्स मेला’ का उद्घाटन किया। मेले में विभिन्न सीमा चौकियों द्वारा मिलेट्स (श्रीअन्न) से बने पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया, जिससे स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान मटका फोड़, म्यूजिकल चेयर सहित कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह का समापन अधिकारियों, जवानों, उनके परिवारजनों एवं आमंत्रित अतिथियों के साथ सामूहिक भोज के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। यह स्थापना दिवस समारोह सशस्त्र सीमा बल की गौरवशाली परंपराओं, अनुशासन, संगठनात्मक एकता और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!