विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
औरंगाबाद। शहर में धार्मिक उत्साह और भक्ति के माहौल के बीच मां दुर्गा क्लब सेवा संस्थान द्वारा दुर्गा मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। इस पावन अवसर पर 501 कन्याओं ने कलश यात्रा में भाग लेकर आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया। कलश यात्रा गांधीनगर स्थित मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर देव सूर्य मंदिर तक पहुंची, जहां से श्रद्धालुओं ने पवित्र जल कलश में भरकर पुनः मंदिर परिसर में प्रवेश किया। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण और जयकारों से इलाका गूंज उठा। संस्थान के पदाधिकारियों के अनुसार, प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य कार्यक्रम 8 जुलाई को आयोजित किया जाएगा, जबकि 9 जुलाई को श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे का आयोजन रखा गया है। कलश यात्रा के साथ ही महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हो गया है।

आचार्य पंडित विनय तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान को भव्य बनाने के लिए वाराणसी और पटना से कर्मकांड विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है। साथ ही औरंगाबाद व गया के विद्वान भी इस आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। संस्थान के सचिव अमरजीत कुमार उर्फ छोटेलाल सिंह ने बताया कि मंदिर परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मुख्य द्वार पर हनुमान जी और भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है, जबकि मंदिर के पीछे शिव परिवार को स्थान दिया गया है। अध्यक्ष अभिषेक प्रताप सिंह उर्फ चुलबुल सिंह ने बताया कि महायज्ञ के दौरान प्रवचन, भजन-कीर्तन और देवी जागरण जैसे धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक लाभ प्राप्त होगा।

स्वरांजलि सेवा संस्थान के कलाकारों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया जा रहा है। पूजा संरक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूरा सहयोग दिया जा रहा है। इस आयोजन को सफल बनाने में उप सचिव कुलवंत सिंह, कोषाध्यक्ष विपिन सिंह, अविनाश कुमार, अधिवक्ता विनोद कुमार सिंह, राम केवल, राम आशीष प्रसाद, राजेंद्र कुमार, अमरेश सिंह, फौजी भरत सिंह, जय मंगल सिंह, मिथिलेश सिंह, प्रमोद शर्मा, सुबोध सिंह सहित संस्थान के सदस्य अमित, सोनी, चंदन, बाबू भाई, अनिल कुमार एवं मुकेश गुप्ता सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।






