अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण
मझौलिया पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 गायों से लदी एक पिकअप वैन को जब्त किया है। हालांकि पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन के माध्यम से अवैध रूप से गायों की तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद नानोसती चौक पुलिस चौकी के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप (रजिस्ट्रेशन संख्या BR22GC7841) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस की कार्रवाई देख चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 15 गायें लदी मिलीं। पुलिस ने सभी गायों को सुरक्षित कब्जे में लेते हुए पिकअप को जब्त कर मझौलिया थाना लाया। गायों की देखभाल की व्यवस्था की गई है तथा उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखने की प्रक्रिया जारी है। थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। वाहन के स्वामित्व और तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि पशु तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।






