शादमान शकील हैदर बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। नगर क्षेत्र में बुधवार को राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे पूरे उत्साह, गरिमा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रहमान नगर स्थित देव क्लिनिक एवं पारस नगर स्थित सावित्री हेल्थ केयर में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जहां डॉक्टरों और अस्पताल कर्मियों ने एकजुट होकर इस महत्वपूर्ण दिन को यादगार बनाया। कार्यक्रम की शुरुआत केक कटिंग से हुई, जहां उपस्थित डॉक्टरों ने एक-दूसरे को केक खिलाकर शुभकामनाएं दीं और अपने पेशे के प्रति समर्पण को दोहराया। इस दौरान पूरे माहौल में खुशी और आपसी भाईचारे का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच डॉक्टरों के योगदान की सराहना की। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि डॉक्टर केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम हैं।

कठिन परिस्थितियों, आपातकालीन हालात और हर चुनौती के बीच डॉक्टर जिस तरह से मरीजों की सेवा करते हैं, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल जैसी विपरीत परिस्थितियों में डॉक्टरों ने अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की सेवा की, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। कार्यक्रम में डॉ. ए.एम. पांडे, डॉ. मुन्ना कुमार, सुबोध पांडे (एलटी, एसडीएच बगहा), कन्हैया कुमार (एमडी), रेहान (फार्मासिस्ट), हिमांशु पांडे (फार्मासिस्ट), अबू हुरैरा, कुरनैन हक सहित रहमान नगर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने तथा मरीजों की बेहतर देखभाल का संकल्प लिया। अंत में कार्यक्रम का समापन आपसी बधाई और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि डॉक्टरों का योगदान समाज के लिए अमूल्य है और उनका सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है।






