वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
नौरंगिया थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 30 लीटर 420 एमएल विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। थानाध्यक्ष राज रौशन ने बताया कि 4 जून की सुबह गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से शराब लेकर जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम द्वारा छापेमारी की गई। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से जाता दिखाई दिया, जिसे रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान पश्चिम चंपारण जिले के सेमरा थाना क्षेत्र निवासी शिवचरण दास (26 वर्ष) के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के दोनों ओर लटके झोलों से कुल 30 लीटर 420 एमएल विदेशी शराब बरामद की गई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद शराब पर उत्तर प्रदेश में बिक्री का अंकन पाया गया है। मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जब्त शराब और मोटरसाइकिल को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।






