विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बिहार शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी निजी विद्यालयों के संचालन और उनकी गुणवत्ता को लेकर एक अत्यंत महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राज्य में चल रहे सभी मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों की अब सघन जांच की जाएगी। इस विशेष जांच अभियान के लिए 1 जुलाई से 31 जुलाई तक की अवधि निर्धारित की गई है। शिक्षा विभाग का मानना है कि राज्य के कई निजी विद्यालय मानक के अनुरूप कार्य नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण शिक्षा की गुणवत्ता पर सीधा असर पड़ रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि निजी स्कूल सरकार द्वारा तय किए गए नियमों और मानकों का पालन कर रहे हैं या नहीं। जांच के दायरे में स्कूलों के बुनियादी ढांचे, शिक्षकों की योग्यता, पठन-पाठन की व्यवस्था, शुल्क संरचना और सरकारी नियमों के पालन जैसे प्रमुख बिंदुओं को रखा गया है।

विभाग के इस निर्देश के बाद से ही पूरे राज्य के निजी विद्यालय संचालकों के बीच हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है। जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रखंड स्तरीय टीमों का गठन करें, जो निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी स्कूलों का भौतिक सत्यापन करें। जांच के दौरान जो भी विद्यालय मानकों को पूरा करने में विफल पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें स्कूलों की मान्यता रद्द करने या उन पर भारी जुर्माना लगाने जैसे कदम उठाए जा सकते हैं।इस कदम से शिक्षा व्यवस्था में सुधार और निजी स्कूलों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आने की उम्मीद है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान पूरी तरह से पारदर्शी होगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल संचालकों से अपने दस्तावेजों को पूर्ण रखने और जांच टीम को सहयोग देने का निर्देश दिया है।






