Saturday, May 30, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास बगहा, गुजरात से लौटने के दौरान मजदूर लापता, पत्नी ने एसपी से...

बगहा, गुजरात से लौटने के दौरान मजदूर लापता, पत्नी ने एसपी से लगाई खोजबीन की गुहार

0
22

पति की तलाश में तीन छोटे बच्चों के साथ दर-दर भटक रही महिला, युवा सामाजिक कार्यकर्ता नितेश ने बढ़ाया मदद का हाथ

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा। वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के चम्पापुर गोनौली अंतर्गत हरैयाकोट (शिवनाहा) गांव निवासी मजदूर मोहन मुंडा के गुजरात से घर लौटने के दौरान रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो जाने का मामला सामने आया है। पति की तलाश में उनकी पत्नी श्रीदेवी अपने तीन छोटे-छोटे बच्चों के साथ दर-दर भटकने को मजबूर हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए युवा सामाजिक कार्यकर्ता नितेश ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आकर बगहा पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल से मामले में त्वरित कार्रवाई और खोजबीन की मांग की है।पीड़िता श्रीदेवी द्वारा पुलिस अधीक्षक बगहा को दिए गए आवेदन के अनुसार, उनके पति मोहन मुंडा ठेकेदार रंजीत साह के माध्यम से गुजरात के मेहसाणा जिले में मजदूरी करने गए थे। 18 मई 2026 को वे गांव के गणेश उरांव और मनोहर उरांव के साथ गुजरात पहुंचे थे। 20 मई को उन्होंने फोन कर परिवार को सकुशल होने की जानकारी दी थी।


आवेदन में कहा गया है कि 21 मई को तबीयत खराब होने के कारण मोहन मुंडा अपने साथियों विनोद, नेपाली दादा, तुफानी और शेषनाथ के साथ घर लौटने के लिए रवाना हुए। 22 मई की सुबह करीब सात बजे उन्होंने पत्नी को फोन कर बताया कि वे जयपुर पहुंच चुके हैं। बातचीत के दौरान ही फोन कट गया और उसके बाद से उनका मोबाइल बंद हो गया।श्रीदेवी ने बतायी कि उनके पति के साथ लौट रहे चारों व्यक्ति सुरक्षित अपने घर पहुंच गए, लेकिन मोहन मुंडा आज तक घर नहीं लौटे।

परिजनों द्वारा लगातार खोजबीन किए जाने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। महिला का आरोप है कि जब वह उक्त लोगों से पति के बारे में जानकारी मांगती हैं तो वे टालमटोल करते हैं और सही जानकारी देने से बचते हैं।पीड़िता ने आवेदन में आशंका जताई है कि किसी साजिश के तहत उनके पति के साथ कोई अप्रिय घटना घटित की गई है।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच कर जल्द से जल्द अपने पति की बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की है।इस मामले में एसपी रामानंद कौशल ने प्रत्येक बिंदुओं पर जांच व स्थानीय थाना को इस मामले पर त्वरित कार्यवाही करने का निर्देश दिए हैं।वहीं युवा सामाजिक कार्यकर्ता नितेश ने कहा कि एक गरीब परिवार का मुखिया कई दिनों से लापता है और उसकी पत्नी तीन छोटे बच्चों के साथ परेशान है।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से संवेदनशीलता दिखाते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। परिवार को अब पुलिस प्रशासन की कार्रवाई और मोहन मुंडा की सकुशल वापसी का इंतजार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!