एक युग का अंत, हर आंख नम — सादगी की मूरत अब बस यादों में
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पश्चिम चंपारण जिले के बगहा दो प्रखंड अंतर्गत थरुहट बाहुल क्षेत्र के जिमर नौतनवा पंचायत के वर्तमान मुखिया एवं समाजसेवी खूबलाल बड़हरिया के आकस्मिक निधन से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की खबर जैसे ही 5 मई, मंगलवार की देर रात फैली, संपूर्ण थरुहट क्षेत्र सहित सामाजिक और राजनीतिक गलियारों में गहरा सन्नाटा पसर गया। खूबलाल बड़हरिया का जीवन समाज सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित रहा। उन्होंने न केवल अपने पंचायत क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, बल्कि कलाकारों और युवाओं के उत्थान के लिए भी लगातार कार्य किया। वे एक ऐसे व्यक्तित्व के धनी थे, जिनमें सादगी, विनम्रता और विद्वत्ता का अद्भुत संगम देखने को मिलता था।

उनकी नेतृत्व क्षमता और मिलनसार स्वभाव ने उन्हें हर वर्ग के लोगों के बीच लोकप्रिय बना दिया था। वे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत थे और समय-समय पर उन्हें सही मार्गदर्शन देकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते रहते थे। उनके निधन से क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। सोशल मीडिया और व्यक्तिगत माध्यमों से लोग उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कर रहे हैं तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।खूबलाल बड़हरिया भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके द्वारा किए गए समाज सेवा के कार्य और उनकी सरल छवि हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे।






