सुरक्षित बचपन अभियान के तहत बच्चों को बाल अधिकारों व सुरक्षा की दी गई जानकारी

0
IMG-20261030-WA0017.jpg

गुड टच-बैड टच, मानव तस्करी और साइबर अपराध से बचाव के बताए गए तरीके, हेल्पलाइन नंबरों की भी दी गई जानकारी

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा। अखिल भारतीय सुरक्षित बचपन अभियान के तहत शुक्रवार को राजकीय प्राथमिक बुनियादी विद्यालय, हरनाटांड़, बगहा-दो में बगहा पुलिस प्रशासन की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बाल अधिकार, बाल सुरक्षा और विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।इस संबंध में एसपी राजेश कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने बच्चों को बाल अधिकार, मानव तस्करी, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं पॉक्सो अधिनियम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। बच्चों को गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाते हुए बताया गया कि यदि किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार का सामना करना पड़े तो वे बिना डरे अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को इसकी जानकारी दें।

एसपी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें शोषण, उत्पीड़न और विभिन्न अपराधों से सुरक्षित रखना है। इस दौरान एएचटीयू (मानव तस्करी निरोधक इकाई) के कार्यों और पुलिस दीदी की भूमिका के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम में बच्चों को आपातकालीन सहायता के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में 112, महिला सहायता के लिए 181, बाल सहायता के लिए 1098 तथा साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

इस अवसर पर डीएसपी मुख्यालय देवेंद्र शर्मा, एएचटीयू टीम, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, अन्य पुलिस पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!