बगहा एसपी ने सेमरा थाना का किया वार्षिक निरीक्षण, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन का दिया निर्देश
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा (पश्चिम चंपारण)। पुलिस अधीक्षक बगहा राजेश कुमार ने रविवार को सेमरा थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना में लंबित कांडों की गहन समीक्षा की तथा पुराने मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान थाना की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव और परिसर की साफ-सफाई का भी जायजा लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों को अनुसंधान में तेजी लाने तथा कांडों के निष्पादन में गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस कार्यों में लापरवाही नहीं होनी चाहिए और लंबित मामलों के निष्पादन को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना स्तर पर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आम नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण और सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी। साथ ही पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए उन्होंने विशेष सतर्कता बरतने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि किसी भी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध पुलिस की छवि धूमिल करने वाली शिकायत मिलने पर उसे गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसी शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

वार्षिक निरीक्षण के माध्यम से एसपी ने थाना की कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने, पुलिसिंग में सुधार लाने तथा आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने पर विशेष बल दिया।
