Wednesday, September 23, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास एनएच-727 पर भीषण हादसा, बाइक सवार तीन युवकों की मौत

एनएच-727 पर भीषण हादसा, बाइक सवार तीन युवकों की मौत

0
11

जिरिया बंगाली माई स्थान के पास अज्ञात ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर, एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से पसरा मातम

आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार


बेतिया-लौरिया मुख्य पथ एनएच-727 पर जिरिया बंगाली माई स्थान के समीप बुधवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक से बेतिया की तरफ से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना मिलने पर लौरिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से तीनों घायलों को लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ. दिलीप कुमार ने गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों को जीएमसीएच, बेतिया रेफर कर दिया। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।


मृतकों की पहचान बेलवा लखनपुर पंचायत के मौलानगर जवाहिरपुर गांव निवासी नथुनी मियां के पुत्र याकुब मियां (20), दिलजान मियां के पुत्र शाहिल मियां (22) और रामबालक साह के पुत्र सुंदर साह के रूप में हुई है। याकुब और शाहिल आपस में चचेरे भाई थे। ग्रामीणों के अनुसार, तीनों युवक अविवाहित थे। इनमें एक युवक की शादी दिसंबर में होने वाली थी। बताया गया कि तीनों युवक बिजबनिया चौक पर सब्जी बेचकर आजीविका चलाते थे। बुधवार को वे बेतिया से बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जिरिया बंगाली माई स्थान के समीप अज्ञात ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और तीनों शवों का पोस्टमार्टम करा रही है।
लौरिया थानाध्यक्ष इन्द्रजीत पासवान ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की जांच की जा रही है।
वहीं पंचायत के मुखिया अनिल कुमार राम ने बताया कि घटना बेहद दुखद है। इस दुख की घड़ी में पूरा पंचायत मृतकों के परिजनों के साथ है।

एक माह में एनएच-727 पर दूसरा बड़ा हादसा

एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से मौलानगर जवाहिरपुर गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार, करीब एक माह के भीतर एनएच-727 पर यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले इसी बेतिया-लौरिया मुख्य पथ पर हुए बस हादसे में पांच लोगों की मौत हुई थी। लगातार हो रहे हादसों से इस मार्ग पर यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!