विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया से मैनाटांड़ जा रही शिवदानी बस बुधवार की दुपहर पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के आगे अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तालाब में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में सवार कई यात्रियों के बस के अंदर दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने का प्रयास किया गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को भी सूचना दी गई है।

फिलहाल हादसे में कितने यात्री घायल हुए हैं या कितने लोगों की मौत हुई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों द्वारा बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।






