विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
शिवहर। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवहर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से दो देसी कट्टा, एक पिस्टल, तीन मोबाइल फोन तथा एक हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पहली कार्रवाई फतेहपुर थाना क्षेत्र के बसहिया राम गांव के समीप स्थित आम बगीचे में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैठा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने छापेमारी कर बसहिया राम निवासी लगभग 60 वर्षीय रामप्रवेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा, एक मोबाइल फोन और एक हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इस संबंध में फतेहपुर थाना कांड संख्या 40/26 दर्ज किया गया है।

दूसरे मामले में पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि एक युवक सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ अपनी तस्वीर वायरल कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर चिकनौटा निवासी लगभग 21 वर्षीय मो. अरसे आजम और सुंदरपुर खरौना निवासी एक विधि-विवादित बालक को हिरासत में लिया गया। कार्रवाई के दौरान एक देसी कट्टा, एक पिस्टल तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस संबंध में शिवहर थाना कांड संख्या 348/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है तथा प्राप्त तथ्यों के आधार पर अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही शिवहर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन या किसी भी प्रकार की गैरकानूनी सामग्री का प्रसारण दंडनीय अपराध है। ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।






