7 अगस्त को प्रधान कार्यालय के समक्ष धरना, 14 अगस्त को होगी एक दिवसीय हड़ताल
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया/पटना। बिहार ग्रामीण बैंक अधिकारी संघ (BGBAS) ने अधिकारियों की लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। संघ की बेतिया क्षेत्रीय इकाई के क्षेत्रीय सचिव सच्चिदानंद कुमार ने बताया कि यह आंदोलन बिहार ग्रामीण बैंक अधिकारी संघ, पटना के आह्वान पर राज्यभर में चलाया जाएगा। संघ के नेताओं ने बैंक प्रबंधन पर वादाखिलाफी और मनमाने रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारियों के अधिकारों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने बताया कि कई वर्षों से लंबित सेवा एवं वित्तीय मांगों को लेकर प्रबंधन से बार-बार बातचीत की गई, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं होने के कारण अब आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। संघ की प्रमुख मांगों में परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) का तत्काल भुगतान, 9वें संयुक्त नोट के तहत सभी भत्तों एवं सुविधाओं का कार्यान्वयन, पारदर्शी स्थानांतरण नीति लागू करना, मित्रा समिति की सिफारिशों के अनुरूप पदोन्नति, OJT भत्तों की बहाली, यात्रा एवं स्थानांतरण भत्तों का उचित भुगतान, कार्यालय परिचारकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति, e-UBGB कर्मचारियों के लंबित NPS एरियर एवं ब्याज का भुगतान तथा अनुकम्पा नियुक्तियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूरा करना शामिल है।

संघ द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 31 जुलाई को राज्यभर में अधिकारी काला बैज लगाकर ‘काला दिवस’ मनाएंगे। इसके बाद 3 अगस्त को सभी क्षेत्रीय कार्यालयों के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया जाएगा और 5 अगस्त को सामूहिक ज्ञापन सौंपा जाएगा। 7 अगस्त को पटना स्थित प्रधान कार्यालय के समक्ष विशाल धरना आयोजित किया जाएगा।संघ ने स्पष्ट किया कि यदि इसके बाद भी मांगों पर संतोषजनक निर्णय नहीं लिया गया, तो 14 अगस्त को पूरे बिहार में एक दिवसीय हड़ताल की जाएगी। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि अधिकारियों के सम्मान, अधिकार और न्यायसंगत मांगों की पूर्ति तक आंदोलन जारी रहेगा तथा सभी अधिकारियों से एकजुट होकर इसे सफल बनाने की अपील की गई है। निवेदक: बिहार ग्रामीण बैंक अधिकारी संघ (BGBAS) (संबद्ध: AIBOC), प्रधान कार्यालय, पटना।






