Tuesday, July 28, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास मझौलिया पंचायत में जलजमाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त, प्रशासन की उदासीनता पर फूटा...

मझौलिया पंचायत में जलजमाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त, प्रशासन की उदासीनता पर फूटा ग्रामीणों का आक्रोश

0
20

अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण

मझौलिया प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मझौलिया पंचायत भवन के समीप स्थित मुख्य सड़क पर फैले जलजमाव और गंदे नाले के पानी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। स्थिति यह है कि नाले का दूषित पानी खुलेआम सड़क पर बह रहा है, जिससे राहगीरों, छात्रों और स्थानीय दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जाता है कि इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इसी रास्ते से अंचल कार्यालय, प्रखंड कार्यालय, रेलवे स्टेशन, बैंक और सरकारी अस्पताल जाने वाले लोग भी आवागमन करते हैं। लेकिन सड़क पर फैले गंदे पानी और कीचड़ के कारण लोगों को मजबूरी में कठिन परिस्थितियों में आवाजाही करनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग से होकर रोजाना बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विभिन्न विद्यालयों में पढ़ने के लिए आते-जाते हैं। जलजमाव के कारण उन्हें काफी परेशानी होती है। स्थिति तब और दयनीय हो जाती है, जब तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के छींटों से राहगीरों और छात्रों के कपड़े गंदे हो जाते हैं और बदबू आने लगती है।

इतना ही नहीं, सड़क के बगल में स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी असुविधा होती है। आसपास के दुकानदार भी नाले की दुर्गंध से परेशान हैं और उनके व्यापार पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी मार्ग से प्रखंड प्रशासन और जनप्रतिनिधि प्रतिदिन गुजरते हैं, बावजूद इसके इस समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों और दुकानदारों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नाला सफाई कराकर जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। आक्रोशित लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो आगामी चुनाव में जनप्रतिनिधियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!