Wednesday, July 15, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने किया 211 नये डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन...

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने किया 211 नये डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ।

0
11

पश्चिम चम्पारण के आठ नये राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में भी शुरू हुई पढ़ाई।

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बेतिया। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज राज्य के 211 नये डिग्री महाविद्यालयों में पठन-पाठन कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इसी क्रम में पश्चिम चम्पारण जिले के आठ नये राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में भी शैक्षणिक गतिविधियों की शुरुआत हो गई। जिले में जिन महाविद्यालयों में पठन-पाठन कार्य प्रारंभ हुआ, उनमें राजकीय डिग्री महाविद्यालय, मझौलिया; राजकीय डिग्री महाविद्यालय, चनपटिया; राजकीय डिग्री महाविद्यालय, योगापट्टी; राजकीय डिग्री महाविद्यालय, बैरिया; राजकीय डिग्री महाविद्यालय, ठकराहां; राजकीय डिग्री महाविद्यालय, सिकटा; राजकीय डिग्री महाविद्यालय, भितहा तथा राजकीय डिग्री महाविद्यालय, पिपरासी शामिल हैं। इन महाविद्यालयों के संचालन से जिले के हजारों विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को अपने घर के निकट ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध होगा।

जिले का मुख्य शुभारंभ समारोह राजकीय डिग्री महाविद्यालय, चनपटिया में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में माननीय विधायक, माननीय विधान पार्षद, माननीय पूर्व विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह, उप विकास आयुक्त श्री काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता श्री राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री अनिल कुमार सिन्हा, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, श्री सुजीत कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, स्थानीय ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इसके साथ ही जिले के अन्य सातों नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में भी उद्घाटन एवं शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां संबंधित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय विधायक श्री अभिषेक रंजन ने कहा कि नवस्थापित डिग्री महाविद्यालय जिले के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के नए द्वार खोलेंगे। उन्होंने कहा कि अब विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे शिक्षा की गुणवत्ता के साथ-साथ नामांकन दर में भी वृद्धि होगी और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। माननीय विधान पार्षद श्री सौरभ कुमार ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आधारभूत संरचना का विस्तार कर रही है। नये डिग्री महाविद्यालयों के प्रारंभ होने से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा सुलभ होगी तथा युवा पीढ़ी को अपने सपनों को साकार करने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।

जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह ने कहा कि जिले के लिए यह ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण अवसर है। आठ नये राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में एक साथ पठन-पाठन कार्य प्रारंभ होने से पश्चिम चम्पारण में उच्च शिक्षा को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इन महाविद्यालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं एवं शैक्षणिक वातावरण को और बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर निरंतर कार्य करेगा, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने इसे जिले में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताते हुए राज्य सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया। पश्चिम चंपारण के 8 डिग्री कॉलेजों में समर्थ पोर्टल के ज़रिए कुल 1,371 आवेदन मिले, जिनमें से कुल 322 एडमिशन पूरे हो चुके हैं। बाकी एडमिशन की प्रक्रिया चल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!