वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वाल्मीकि नगर सीमा चौकी पर एसएसबी की महिला कांस्टेबलों की तैनाती की गई है। इस व्यवस्था के लागू होने से सीमा पार आने-जाने वाली महिलाओं की जांच अब अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित ढंग से की जा सकेगी। जानकारी के अनुसार, पहले संदिग्ध महिला यात्रियों की तलाशी और जांच के दौरान महिला सुरक्षा कर्मियों की अनुपलब्धता के कारण कई व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब महिला कांस्टेबलों की तैनाती से जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित होंगी। महिलाओं की गरिमा और गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए सीमा चौकी पर विशेष महिला जांच केबिन भी बनाया गया है, जहां आवश्यकता पड़ने पर महिला यात्रियों की तलाशी नियमानुसार की जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, केवल वाल्मीकिनगर ही नहीं बल्कि चकदहवा व विवादित सुस्ता सीमा क्षेत्र में भी महिला कांस्टेबलों की अस्थायी तैनाती की गई है। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि फिलहाल यह तैनाती अस्थायी है। सुरक्षा आवश्यकताओं और परिस्थितियों के अनुसार आगे इसकी अवधि बढ़ाने या स्थायी व्यवस्था किए जाने पर निर्णय लिया जा सकता है।
सीमा सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि महिला सुरक्षा कर्मियों की तैनाती से न केवल जांच प्रक्रिया अधिक प्रभावी होगी, बल्कि महिला यात्रियों को भी सम्मानजनक और सहज वातावरण में सुरक्षा जांच की सुविधा मिल सकेगी।






