विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा/बाल्मीकिनगर। गंडक पार के चारों प्रखंडों में लंबे समय से चली आ रही बिजली की लो वोल्टेज समस्या के स्थायी समाधान के लिए बाल्मीकिनगर के सांसद सुनील कुमार ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में उन्होंने ऊर्जा विभाग के सचिव श्री अजय यादव से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की।बैठक के दौरान सांसद ने गंडक पार क्षेत्र के लोगों को हो रही बिजली संकट की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और शीघ्र समाधान की मांग की। ऊर्जा सचिव ने मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि इस समस्या के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही, दोन क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पहुंचाने में हो रही देरी का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। इस पर सचिव ने बताया कि वन विभाग से जुड़े अवरोधों के कारण कार्य प्रभावित है। हालांकि, इस समस्या के समाधान के लिए इस माह स्टेट लेवल कमिटी की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर गतिरोध दूर करने का प्रयास किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण बैठक में जदयू नेता राकेश सिंह भी मौजूद रहे। सांसद की इस पहल से क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही बिजली से जुड़ी समस्याओं से राहत मिलेगी।






