अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण
मझौलिया थाना क्षेत्र के बखरिया-थवइया चौक स्थित राजघाट पेट्रोल पंप के समीप बुधवार की देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब तीन हजार लीटर संदिग्ध पेट्रोल से लदे एक पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। इस दौरान वाहन के चालक और उपचालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, राजघाट पेट्रोल पंप के मालिक सह पेट्रोलियम एसोशिएशन जिला अध्यक्ष अरुण कुमार ने पुलिस को संदिग्ध परिस्थितियों में पेट्रोल ले जाए जाने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी जयप्रकाश मौर्य एवं सब इंस्पेक्टर अनुज कुमार ओझा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और वाहन की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पिकअप वाहन में बड़ी मात्रा में संदिग्ध पेट्रोल बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।
प्रारंभिक जांच में बरामद तेल के संदिग्ध होने की आशंका जताई जा रही है। आपूर्ति पदाधिकारी ने तेल का नमूना सुरक्षित रख लिया है । जिसे जांच के लिए संबंधित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद तेल की गुणवत्ता क्या है और वह पेट्रोल है या कोई अन्य पदार्थ।पुलिस ने गिरफ्तार चालक पहलाद कुमार, पिता सुरेंद्र सिंह, एवं उपचालक गौतम कुमार, पिता उपेंद्र सिंह यादव, दोनों निवासी जिला नालंदा, से पूछताछ शुरू कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पेट्रोल कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी।
थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि वाहन को जब्त कर दोनों आरोपितों को हिरासत में लिया गया है। आपूर्ति पदाधिकारी के आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






