वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि नगर पंचायत के वार्ड संख्या 12 में नल-जल योजना की प्लास्टिक टंकी टूट जाने के कारण पिछले कई महीनों से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। इससे वार्ड के लोगों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच जलापूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों में विभाग के प्रति रोष व्याप्त है।
उप मुखिया रवि गुप्ता ने बताया कि वार्ड में पेयजल संकट की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्होंने नल-जल योजना के जूनियर इंजीनियर (जेई) से फोन पर बात कर पूरी जानकारी दी। इस पर जेई ने बताया कि फिलहाल नई प्लास्टिक टंकी उपलब्ध नहीं है।

जैसे ही टंकी उपलब्ध होगी, उसे लगाकर पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि कई महीने बीत जाने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। लोगों को मजबूरी में अन्य स्रोतों से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है, जिससे काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से अविलंब नई टंकी लगाकर नल-जल योजना को चालू कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि विभाग इस समस्या के समाधान में और कितना समय लगाता है।






