बाल्मीकि नगर से नन्दलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकिनगर: थाना क्षेत्र के टंकी बाजार मेन रोड निवासी एक युवक द्वारा मंगलवार की सुबह पूर्वी नहर में छलांग लगाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों एवं स्थानीय लोगों की तत्परता से युवक को नहर से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। बाद में परिजन उसे इलाज के लिए गोरखपुर लेकर चले गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार टंकी बाजार मेन रोड निवासी परशुराम प्रसाद के 35 वर्षीय पुत्र पुरुषोत्तम कुमार उर्फ पप्पू मंगलवार की सुबह करीब छह बजे घर से व्यायाम करने के लिए निकले थे। इसी दौरान तीनआरडी पुल स्थित पूर्वी नहर पर पहुंचकर उन्होंने अचानक नहर में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद राहगीरों एवं परिजनों ने तत्काल नहर में उतरकर युवक को बाहर निकाला। गंभीर अवस्था में उन्हें वाल्मीकिनगर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत चिंताजनक बताते हुए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया।

अनुमंडलीय अस्पताल में डॉ. अरुण कुमार यादव द्वारा उपचार किया गया, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया भेजा गया। परिजनों ने चिकित्सकीय सलाह के बाद युवक को गोरखपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराने का निर्णय लिया और वहीं लेकर चले गए। परिजनों के अनुसार पुरुषोत्तम कुमार विवाहित हैं और उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र एवं एक पुत्री हैं। वे वाल्मीकिनगर में ‘चंदन ऑटोमोबाइल’ नाम से स्पेयर पार्ट्स की दुकान संचालित करते हैं। घटना के पीछे के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। वाल्मीकिनगर पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। युवक द्वारा नहर में छलांग लगाने के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों एवं अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






