बाल्मीकि नगर से नन्दलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र कुशवाहा ने बगहा-2 अंचल के एक राजस्व पदाधिकारी (आरओ) पर भू-माफियाओं से सांठगांठ और कथित रूप से अवैध संपत्ति अर्जित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। एक मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। विधायक ने कहा कि भूमि से जुड़े मामलों में लगातार अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं। उनका आरोप है कि भू-माफियाओं की गतिविधियों को संरक्षण दिया जा रहा है, जिससे आम लोगों का प्रशासन पर भरोसा कमजोर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इन आरोपों में सच्चाई है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। सुरेंद्र कुशवाहा ने आगे कहा कि संबंधित राजस्व पदाधिकारी की चल एवं अचल संपत्ति की भी जांच कराई जानी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं आय से अधिक संपत्ति या अन्य वित्तीय अनियमितताएं तो नहीं हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई अवश्य होनी चाहिए।हालांकि, इस मामले में समाचार लिखे जाने तक संबंधित राजस्व पदाधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।






