वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के दोन नहर सड़क पर स्थित कटहरवा-महुआवा पुल पर बुधवार देर रात एक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमे चालक घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए पुल पर आवागमन भी प्रभावित रहा।
सूत्रों के मुताबिक यह हादसा रात करीब 9 से 10 बजे के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण गाड़ी पुल पर ही पलट गई। दुर्घटना के बाद वाहन के चारों चक्के ऊपर की ओर हो गए थे, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना की एक बड़ी वजह पुल का संकीर्ण होना भी है। कटहरवा-महुआवा पुल की चौड़ाई इतनी कम है कि एक समय में केवल एक ही वाहन सुरक्षित रूप से गुजर सकता है। ऐसे में जरा सी चूक भी हादसे का कारण बन सकती है।
घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वाहन को सीधा करने में सहयोग किया। बाद में वाहन को हटाकर चालक वहां से चला गया। चालक को मामूली चोटें आने की बात बताई जा रही है।






