विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। चखनी निवासी कसैली उर्फ जीरजोधन साह हत्याकांड को लेकर बगहा नगर थाना पुलिस अब हरकत में आ गई है। घटना के करीब दो सप्ताह बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिससे परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। वहीं, पुलिस अब हत्या में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी (उद्वेदन) को लेकर कार्रवाई तेज करने की बात कह रही है। बताया जाता है कि कसैली उर्फ जीरजोधन साह की हत्या पास के एक आम के बगीचे में निर्मम तरीके से कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी और प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी। परिजनों का आरोप है कि एफआईआर में नामजद आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि पुलिस की ढिलाई के कारण आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है।

परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। इधर, बगहा नगर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। इस हत्याकांड को लेकर स्थानीय लोगों में भी रोष देखा जा रहा है। लोगों ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई कर दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की है, ताकि कानून व्यवस्था पर आमजन का भरोसा कायम रह सके।






