विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पटना। बाल्मीकिनगर के सांसद ने राज्य के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड (BSRDCL) के महाप्रबंधक श्री रुपेश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सांसद ने विशेष रूप से मनुआपुल– योगापट्टी– नवलपुर–रतवल चौक पथ के नवलपुर से रतवल चौक तक लंबित निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।

इसके अलावा नरकटियागंज के शहीद चौक से पकड़ी ढाला तक सड़क के विस्तार एवं चौड़ीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। सांसद ने बताया कि यह मार्ग अत्यधिक व्यस्त रहता है, जिससे अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। सड़क के चौड़ीकरण से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।महाप्रबंधक श्री रुपेश कुमार ने सांसद को आश्वस्त किया कि दोनों परियोजनाओं पर आवश्यक प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा और विभागीय स्तर पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने सांसद की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही इन परियोजनाओं पर काम शुरू होगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।






