वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
जल संसाधन विभाग के गंडक प्रोजेक्ट अंतर्गत संचालित पीएचईडी की जलापूर्ति इकाई का मोटर जल जाने से क्षेत्र में गंभीर जल संकट उत्पन्न हो गया है। मोटर खराब होने के कारण ई-टाइप कॉलोनी, उपरी शिविर, तीन नंबर पहाड़ कॉलोनी, हॉस्पिटल क्षेत्र, जल संसाधन विभाग के कार्यालय परिसर, गेस्ट हाउस, जंगल कैंप तथा होटल विहार इलाके में रहने वाले करीब 500 लोगों के सामने पेयजल की समस्या खड़ी हो गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि भीषण गर्मी के इस दौर में जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है, जिससे दैनिक कार्यों में भारी परेशानी हो रही है।

लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से ही नल-जल योजना दम तोड़ चुकी है और उससे पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा था। ऐसे में पूरा इलाका पीएचईडी द्वारा सप्लाई किए जाने वाले पानी पर ही निर्भर है।
ग्रामीणों और कॉलोनीवासियों ने बताया कि यह पूरा क्षेत्र छोटी पहाड़ी पर बसा हुआ है, जिसके कारण पानी का कोई दूसरा वैकल्पिक स्रोत उपलब्ध नहीं है। मोटर जल जाने के बाद लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द मोटर की मरम्मत या नई मोटर लगाने की मांग की है, ताकि पेयजल संकट से राहत मिल सके। वहीं, विभागीय स्तर पर मोटर बदलने की प्रक्रिया शुरू होने की बात कही जा रही है।






