विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया/ पश्चिम चम्पारण पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। जगदीशपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक उजले रंग की हुंडई कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान 14 मई की रात लगभग 11:40 बजे सूचना मिली कि एक कार में अवैध मादक पदार्थ लेकर तस्कर नानोसती चौक की ओर से जगदीशपुर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष निशी कुमारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने तेज रफ्तार हुंडई कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें से कुल 148.74 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

इसके अलावा पुलिस ने कार, नेपाली मुद्रा एवं एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इनरवा थाना क्षेत्र के खामिया निवासी नरेन्द्र साह एवं गोनाहा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर निवासी सुजीत कुमार भगत के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में जगदीशपुर थाना की पुलिस टीम एवं बीएचजी जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।






