विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत बगहा अनुमंडल के रामनगर में पासपोर्ट सेवा केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से बाल्मीकि नगर सांसद सुनील कुमार, बगहा विधायक राम सिंह, रामनगर विधायक नंदकिशोर राम, लौरिया विधायक विनय बिहारी तथा पूर्व विधायक प्रभात रंजन सिंह शामिल हुए। इस मौके पर विदेश मंत्रालय की सचिव श्रीमती श्रीप्रिया रंगनाथन, चंपारण क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री हरिकेश राय एवं पश्चिम चंपारण के उप विकास आयुक्त श्री काजले वैभव नितिन सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सांसद सुनील कुमार ने कहा कि पासपोर्ट सेवा केंद्र के उद्घाटन से अब रामनगर एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए दूर-दराज के शहरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी तथा आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इस पहल को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय युवाओं, छात्रों और कामकाजी लोगों को विशेष लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया।






