विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा (प. चंपारण)। पुलिस जिला बगहा में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। भैरोगंज, चौतरवा एवं रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत A.L.F.T (एंटी लिकर टास्क फोर्स) की टीम द्वारा संयुक्त रूप से विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार छापेमारी के दौरान कुल 141 लीटर देशी चुलाई शराब तथा 69 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई। इसके साथ ही मौके से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जो अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें A.L.F.T टीम और स्थानीय थाना पुलिस की सक्रिय भूमिका रही। छापेमारी के दौरान कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी गई, जिससे शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से शराब के साथ-साथ निर्माण से जुड़े कुछ उपकरण भी बरामद किए हैं।इस संबंध में संबंधित थानों के थानाध्यक्षों द्वारा अलग-अलग कांड दर्ज कर लिया गया है और गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस जिला बगहा द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के बीच भय का माहौल है। आम लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, जिससे समाज में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।






