विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा/पटना: बाल्मीकिनगर के सांसद ने दिल्ली स्थित रेल भवन में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष से मुलाकात कर 12557/12558 सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के दरभंगा तक विस्तार की प्रस्तावित योजना पर कड़ी आपत्ति जताई है। सांसद ने इस पहल को चम्पारण के रेल यात्रियों के हितों के खिलाफ और पूरी तरह अव्यावहारिक बताया। सांसद ने कहा कि सप्तक्रांति एक्सप्रेस विशेष रूप से चम्पारण क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर चलाई गई थी। उस समय दरभंगा के लिए वाया समस्तीपुर-हाजीपुर होते हुए संपर्क क्रांति एक्सप्रेस तथा पटना के लिए संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस जैसी सुविधाएं पहले से उपलब्ध कराई गई थीं। इसके बावजूद अब सप्तक्रांति ट्रेन के विस्तार की योजना क्षेत्रीय संतुलन को बिगाड़ने वाली है।

उन्होंने यह भी बताया कि दरभंगा और समस्तीपुर से दिल्ली के लिए प्रतिदिन कई ट्रेनें संचालित होती हैं, जबकि नरकटियागंज रूट से दिल्ली के लिए केवल सप्तक्रांति और सत्याग्रह एक्सप्रेस ही उपलब्ध हैं। इन ट्रेनों में पहले से ही यात्रियों को कन्फर्म टिकट पाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यदि सप्तक्रांति ट्रेन का विस्तार दरभंगा या समस्तीपुर तक किया जाता है, तो चम्पारण के यात्रियों के लिए स्थिति और अधिक जटिल हो जाएगी। सांसद ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष से मांग की कि सप्तक्रांति ट्रेन को यथावत मुजफ्फरपुर से ही संचालित रखा जाए और नरकटियागंज रूट से दिल्ली के लिए एक नई सुपरफास्ट ट्रेन शुरू की जाए, ताकि दोनों चम्पारण के यात्रियों को राहत मिल सके। इस पर अध्यक्ष ने मामले पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिया। इस पहल पर डीआरयूसीसी सदस्य ने पूरे चम्पारण वासियों की ओर से सांसद को धन्यवाद देते हुए इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है।






