विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
होली पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु रामानंद कौशल (पुलिस अधीक्षक, बगहा) के निर्देशानुसार विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन पैदल फ्लैग मार्च किया गया।इस दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों के संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की उपस्थिति दर्ज कराई गई। साथ ही आमजनों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाने की अपील की गई।

फ्लैग मार्च के क्रम में पुलिस पदाधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित करते हुए अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और विधि-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बगहा पुलिस ने आमजनों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से ही होली का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न कराया जा सकता है।






