आदर्श पंचायत की ओर बढ़ता कदम: रमपुरवा महनवा में विकास को लेकर अहम बैठक।
अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण।
मझौलिया प्रखंड अंतर्गत रमपुरवा महनवा पंचायत को आदर्श पंचायत बनाने के उद्देश्य से मुखिया डॉ. चंद्रिका साह की अध्यक्षता में उनके आवास परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत के सभी 15 वार्डों के वार्ड सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य पंचायत क्षेत्र में व्याप्त विभिन्न समस्याओं की समीक्षा कर उनके त्वरित समाधान की दिशा में पहल करना था।
बैठक के दौरान वार्ड सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को मुखिया के समक्ष विस्तार से रखा। इसमें स्ट्रीट लाइट के नहीं जलने की समस्या प्रमुख रूप से उठाई गई, जिससे रात के समय ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा नल-जल योजना के सुचारू रूप से संचालित नहीं होने, गली-नाली निर्माण में देरी, छठ घाट की समुचित व्यवस्था तथा जर्जर सड़कों की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई।

वार्ड सदस्यों ने बताया कि कई स्थानों पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बरसात के समय जलजमाव की स्थिति बन जाती है, जिससे आमजन को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। मुखिया डॉ. चंद्रिका साह ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अभिलंब समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को अवगत कराकर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की बात कही। मौके पर समाजसेवी उपेंद्र कुमार ने कहा कि पंचायत को आदर्श पंचायत बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और सामूहिक प्रयास से ही विकास कार्यों को गति मिलेगी। बैठक सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई और सभी ने मिलकर पंचायत के सर्वांगीण विकास का संकल्प लिया। बैठक में उप मुखिया प्रकाश कुमार, वार्ड सदस्य घनश्याम भगत, जलेखा खातून ,जावेद आलम, अवनश मौलाना, तारा देवी, शेख मनु ,मीरा देवी, कमरूल अंसारी, मारगुबआलम सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल थे ।






