विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पटना में बाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार ने शास्त्रीनगर–बेलवनिया पुल सह सड़क निर्माण को लेकर बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत से महत्वपूर्ण मुलाकात की। सांसद ने राज्य की एलाइनमेंट एप्रूवल कमिटी द्वारा प्रस्ताव निरस्त किए जाने पर गहरी आपत्ति जताते हुए पुल के सामरिक और आर्थिक महत्व को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि यह पुल बिहार और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाला अहम संपर्क मार्ग है।
सांसद ने बताया कि इस मामले को लेकर वे भारत सरकार के सड़क, परिवहन राज्य मंत्री अजय टमटा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा तथा पथ परिवहन मंत्री दिलीप जायसवाल से भी मिल चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा में दो बार लिखित प्रश्न के उत्तर में विभागीय मंत्री द्वारा पुल निर्माण का आश्वासन दिया जा चुका है।

इसके अलावा सांसद ने दोन क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया निर्माण, बिजली के लिए वन विभाग की एनओसी, मोबाइल नेटवर्क सेवाओं की बहाली और स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति पर भी चर्चा की। हरनाटांड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण में जमीन की अनुपलब्धता और सेमरा रेफरल अस्पताल में चिकित्सक व उपकरणों की कमी को लेकर उन्होंने चिंता जताई। मुख्य सचिव ने त्वरित संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य सचिव को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में जदयू नेता राकेश सिंह, प्रेमनारायण ओझा, सुनील पटेल और नौतन प्रखंड अध्यक्ष अरुण कुशवाहा भी मौजूद रहे। उम्मीद जताई जा रही है कि इस पहल के बाद क्षेत्र की विकास योजनाओं को गति मिलेगी।






