बिहार के 32 जिलों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट, 31 अक्टूबर तक राहत की उम्मीद नहीं
सीतामढ़ी और मधुबनी में रेड अलर्ट, पूर्वी-पश्चिमी चंपारण समेत चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट,
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बिहार में चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव को देखते हुए मौसम विभाग ने राज्य के 32 जिलों में भारी बारिश, तेज आंधी-तूफान और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, इस चक्रवात का असर बिहार समेत देश के 12 राज्यों में पड़ने की आशंका है। मौसम की प्रतिकूल स्थिति को देखते हुए 31 अक्टूबर तक लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने सीतामढ़ी और मधुबनी जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन दोनों जिलों में अत्यंत भारी से भारी बारिश के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है। वहीं, दरभंगा, शिवहर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। आंधी-तूफान के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और वज्रपात से बचाव के लिए सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
