तलवारबाजी प्रतियोगिता में पटना प्रमंडल और एकलव्य केंद्र का दबदबा, खिलाड़ियों ने जीते पदक
दूसरे दिन अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों में हुए रोमांचक मुकाबले, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना एवं जिला प्रशासन पश्चिम चंपारण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय तलवारबाजी (फेंसिंग) प्रतियोगिता 2026 के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बेतिया स्थित खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन में आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न प्रमंडलों के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दूसरे दिन पटना प्रमंडल और एकलव्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी ने कहा कि बिहार में तलवारबाजी खेल का भविष्य उज्ज्वल है। खिलाड़ियों की तकनीक, फुर्ती और खेल के प्रति समर्पण को देखकर यह स्पष्ट है कि उनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार और खेल प्राधिकरण ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार संसाधन और अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन अंडर-14 एपे इवेंट में एकलव्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र के अभिषेक कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। पटना प्रमंडल के हिमांशु कुमार दूसरे स्थान पर रहे। वहीं अंकित कुमार (पटना प्रमंडल) और दिव्यराज (एकलव्य केंद्र) संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।अंडर-17 फॉयल इवेंट में पटना प्रमंडल के युवराज कुमार ने प्रथम तथा अभिषेक राज ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। शौर्य कुमार (पटना प्रमंडल) और कृष कुमार (एकलव्य केंद्र) संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।इसी प्रकार अंडर-19 सेबर इवेंट में पटना प्रमंडल के तीर्थ शर्मा ने पहला स्थान हासिल किया। तिरहुत प्रमंडल के प्रदीप कुमार दूसरे स्थान पर रहे, जबकि पटना प्रमंडल के आदित्य कुमार और एकलव्य केंद्र के अद्विक राज संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने में निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसमें राकेश कुमार, अंकित कुमार गजबइये, राजन कुमार, शिवम कुमार, राजेश कुमार, संदीप राय और प्रवीण कुमार ने मैच रेफरी एवं निर्णायक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई।
