सूखे धान के पौधे लेकर कृषि भवन पहुंचे किसान, बोले- 100 एकड़ की फसल बर्बाद, अब हो नुकसान का आकलन
आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
लौरिया। पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया प्रखंड की मरहिया (पकड़ी) पंचायत के वार्ड संख्या एक और दो में बाढ़ के पानी से धान की फसल को नुकसान पहुंचने का मामला सामने आया है। मंगलवार को प्रभावित किसान सूखे धान के पौधे लेकर कृषि भवन पहुंचे। उन्होंने करीब 100 एकड़ में फसल क्षति की आशंका जताते हुए खेतों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कराने की मांग की। पैक्स अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह के नेतृत्व में किसानों ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी केशव किशोर के नाम आवेदन तैयार किया। इसमें प्रभावित खेतों की स्थलीय जांच कराने और क्षति का आकलन कर रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेजने का अनुरोध किया गया है। कृषि पदाधिकारी के कार्यालय में मौजूद नहीं रहने के कारण आवेदन संबंधित अधिकारी को सौंपा गया। किसानों ने जांच रिपोर्ट की प्रति उपलब्ध कराने और नियमानुसार सरकारी सहायता दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

इस दौरान रामायण चौधरी, रामबाबू चौधरी, मीना देवी, प्रियतम देवी, मंजू देवी, पार्वती देवी, अमित राम, बिट्टू राम, प्रीतम सिंह, सेवाकांत चौधरी, इकबाल सिंह और विपुल कुमार समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। फसल क्षति के वास्तविक रकबे और नुकसान की पुष्टि विभागीय जांच के बाद ही हो सकेगी।
