परसा पंचायत की आवास सूची में गड़बड़ी का आरोप, जांच की मांग तेज
मुखिया ने डीएम को आवेदन देकर आवास योजना की सूची की निष्पक्ष जांच कराने की उठाई मांग
अनिल कुमार शर्मा मझौलिया। पश्चिम चंपारण।
प्रखंड क्षेत्र की परसा ग्राम पंचायत में आवास योजना की सूची से लाभार्थियों के नाम काटे जाने और अपात्र लोगों के नाम शामिल होने का आरोप सामने आया है। इस संबंध में पंचायत की मुखिया ने जिला पदाधिकारी, पश्चिम चंपारण को आवेदन देकर मामले की जांच कराने की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, पंचायत में पहले आवास योजना के लिए 1700 नाम जोड़े गए थे, लेकिन सूची प्रकाशित होने के बाद लगभग 900 नाम ही अंकित मिले। मुखिया का आरोप है कि सूची में करीब 40 प्रतिशत अपात्र लोगों के नाम शामिल हैं, जबकि लगभग 200 परिवार आज भी कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं। आवेदन में कुछ लाभार्थियों को पहले आवास का लाभ मिलने के बावजूद सूची में नाम दर्ज होने की बात भी कही गई है।

मुखिया ने यह भी आरोप लगाया है कि नाम हटाने के एवज में एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की गई थी, जिसे देने से उन्होंने इनकार कर दिया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर पात्र गरीब परिवारों को आवास योजना का लाभ देने तथा अनियमितता प्रमाणित होने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, आवेदन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आने के बाद मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
